किरीबुरू-सैडल गेट मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियां बन रहीं हादसों का कारण
घुमावदार मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखने से बढ़ा खतरा; झाड़ियों की कटाई की मांग
सड़क किनारे झाड़ियों की तत्काल कटाई की मांग, प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : किरीबुरू क्षेत्र अंतर्गत वायरलेस घाटी में कैंपर वाहन और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बाइक सवार को इलाज के लिए किरीबुरू सेल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद एक बार फिर किरीबुरू से सैडल गेट तक जाने वाली सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियां और घुमावदार मोड़ वाहन चालकों के लिए लगातार परेशानी का कारण बने हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा खदान में पहली सर्व-महिला प्राथमिक उपचार टीम गठित, खान सुरक्षा में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
वायरलेस घाटी में सड़क हादसा, कैंपर की टक्कर से बाइक सवार घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, किरीबुरू से सैडल गेट तक सड़क के दोनों किनारों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। कई स्थानों पर इन झाड़ियों के कारण सड़क का किनारा दिखाई नहीं देता और आवागमन के लिए उपलब्ध जगह भी संकरी हो गई है। सबसे अधिक परेशानी घुमावदार मोड़ों पर होती है, जहां झाड़ियों की वजह से सामने से आने वाले वाहनों को समय रहते देख पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में विपरीत दिशा से अचानक वाहन सामने आने पर चालकों को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाता। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना छोटे-बड़े वाहनों और दोपहिया चालकों का आवागमन होता है। झाड़ियों के कारण कई बार वाहन चालक संभावित दुर्घटना से बाल-बाल बचते हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित सफाई और कटाई को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में हाईवे पर युवकों की बाइक स्टंटबाजी, हादसे को दे रहे खुला न्योता
घुमावदार मोड़ों पर झाड़ियों का कब्जा, वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है, लेकिन सड़कों पर मौजूद वास्तविक खतरों को दूर करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि किरीबुरू से सैडल गेट तक सड़क के दोनों किनारों पर उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई कराई जाए। विशेष रूप से घुमावदार मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर सफाई होनी चाहिए, ताकि सामने से आने वाले वाहनों को स्पष्ट रूप से देखा जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते इस दिशा में कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।























