गर्भवती एवं धात्री माताओं की स्वास्थ्य जांच कर वितरित किए गए पोषण पैकेट
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं के आवेदन भी भरे गए
मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए योजनाओं का लाभ लेने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत शनिवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं पंचायतों में सुरक्षित मातृत्व को लेकर विशेष जागरूकता एवं लाभुक उन्मुख गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं अन्य पात्र लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती एवं धात्री माताओं के साथ बैठक आयोजित कर सुरक्षित मातृत्व, स्वास्थ्य देखभाल, संतुलित पोषण और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बच्चों के बेहतर पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू की वायरलेस घाटी में कैंपर और बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक सवार घायल
सुरक्षित मातृत्व को लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं को किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के तहत पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन भरने एवं प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके साथ ही पहले से लंबित आवेदनों और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। आवेदन प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए लाभुक महिलाओं को आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया गया। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए निर्धारित पोषण पैकेट का वितरण किया गया। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और अन्य लाभुकों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें जरूरी स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और सरकारी सुविधाओं का नियमित लाभ लेने की जानकारी दी गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा खदान में पहली सर्व-महिला प्राथमिक उपचार टीम गठित, खान सुरक्षा में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आवेदन भरे गए, महिलाओं को मिला पोषण लाभ
इन गतिविधियों में स्थानीय महिला जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। विभिन्न पंचायतों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जनप्रतिनिधियों और लाभुकों के बीच संवाद स्थापित कर सरकारी योजनाओं की उपयोगिता एवं पात्रता की जानकारी साझा की गई। महिलाओं को बताया गया कि गर्भावस्था और प्रसव के बाद उचित देखभाल, पौष्टिक आहार तथा नियमित स्वास्थ्य जांच मां और बच्चे दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के माध्यम से विभाग ने अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित ये गतिविधियां महिला एवं बाल स्वास्थ्य को मजबूत बनाने तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही हैं।























