झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने प्रबंधन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
खाद्य सुरक्षा विभाग से कैंटीन का औचक निरीक्षण करने की अपील
मजदूरों के लिए स्वच्छ और पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल खदान क्षेत्र स्थित कैंटीन में मजदूरों को परोसे जाने वाले भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सेल कर्मियों में प्रबंधन के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। मजदूरों ने कैंटीन में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खदान में दिनभर कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद भोजन में कीड़ा मिलना कैंटीन की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पांचवें दिन समाप्त हुआ हितकु के ग्रामीणों का आमरण अनशन
कैंटीन के भोजन में लापरवाही से मजदूरों के स्वास्थ्य पर खतरा
मामले की जानकारी मिलने पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने सेल प्रबंधन से तत्काल शिकायत की है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। रामा पांडे ने आरोप लगाया कि कैंटीन में मजदूरों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि खदान में जोखिमपूर्ण और कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रबंधन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 25 साल बाद कोलकाता से जमशेदपुर लौटे संतोष साहू को मिला सहारा, डालसा और समाजसेवियों ने आश्रय गृह में दिलाई जगह
रामा पांडे ने सेल प्रबंधन से की कार्रवाई की मांग
रामा पांडे ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से भी गुवा सेल खदान क्षेत्र की सभी कैंटीनों का औचक निरीक्षण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कैंटीन में तैयार किए जाने वाले भोजन, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच होनी चाहिए। साथ ही दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने प्रबंधन से मजदूरों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

























