- डीआरएम ललित मोहन पांडे ने किया ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल स्थित सेरसा स्टेडियम में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडे ने किया, जिन्होंने सुबह 9:15 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद आरपीएफ की सशस्त्र टुकड़ी और स्काउट बैंड ने राष्ट्रीय सलामी दी। डीआरएम ने परेड टुकड़ियों का निरीक्षण करते हुए सलामी ली। इसके साथ ही तिरंगे रंग के गुब्बारे छोड़कर स्वतंत्रता और एकता का प्रतीक प्रस्तुत किया गया। समारोह में डिवीज़नल कल्चरल एसोसिएशन/केजीपी द्वारा देशभक्ति गीत, आरपीएफ सुरक्षा विभाग द्वारा डॉग शो तथा विभिन्न स्कूलों जैसे BNREA, SERMHSS, DCAV और केंद्रीय विद्यालय-II के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक विविधता को उजागर करती शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं।
इसे भी पढ़ें : Potka : हरियाकोचा सबर टोला में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, बच्चों को वितरित की गई खेल सामग्री और कपड़े
डीआरएम ने विभिन्न इकाइयों में किया ध्वजारोहण, समापन कार्यक्रम में दिखी रेलवे परिवार की एकजुटता
समारोह के दौरान सराहनीय कार्यों के लिए डीआरएम द्वारा कर्मचारियों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। स्टेडियम कार्यक्रम के बाद श्री पांडे और SERWWO अध्यक्ष ने जागृति स्कूल, अंकुर स्कूल, डीआरएम कार्यालय, साउथ इंस्टीट्यूट और मंडल रेलवे मुख्य अस्पताल का दौरा किया, जहां ध्वजारोहण और प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अंत में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला मुख्यालय में गुब्बारे छोड़ने, प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पूरे आयोजन का समापन हुआ। यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बना, बल्कि खड़गपुर रेल मंडल की अपने कर्मचारियों और देश के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

























