लगातार बारिश का फायदा उठाकर दुकान में घुसने की कोशिश, मोबाइल और अन्य सामान सुरक्षित
बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की उठी मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा रेलवे मार्केट स्थित एक मोबाइल दुकान में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार रात में क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके कारण बाजार और सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम थी। इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए चोरों ने रेलवे मार्केट स्थित मोबाइल दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन ताला पूरी तरह नहीं टूट पाया। दुकान के बाहर सुरक्षा के लिए लगाए गए दूसरे ताले को भी चोर नुकसान नहीं पहुंचा सके। ताला मजबूत होने के कारण चोर दुकान के भीतर प्रवेश करने में असफल रहे और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गड्ढों में पौधे लगाकर ग्रामीणों ने जताया विरोध, जर्जर सड़क के खिलाफ फूटा आक्रोश
दुकान संचालक ने सुबह देखा ताले से छेड़छाड़ के निशान
सोमवार सुबह दुकान संचालक गुलबाज खान जब दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने ताले के साथ छेड़छाड़ के निशान देखे। जांच करने पर पता चला कि रात में किसी ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया था। हालांकि चोरी की कोशिश विफल रहने से दुकान में रखे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री सुरक्षित बच गई। घटना के बाद रेलवे मार्केट के दुकानदारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने के बावजूद दुकान संचालक की ओर से अभी तक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।



























