- छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में नदी पार करने के दौरान हुआ हादसा, एक ग्रामीण की तलाश जारी
- लापता ग्रामीण की तलाश में जारी है खोज अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार शाम कुइली नदी पार करने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से तीन ग्रामीण बह गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोसेन सिद्धु, बामिया सिद्धु और सुनीता सिद्धु नदी पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज धारा में फंसकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से नदी में खोजबीन अभियान शुरू किया गया। देर रात तक चले अभियान के दौरान दो ग्रामीणों के शव नदी से बरामद कर लिए गए, जबकि एक व्यक्ति का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : घने कोहरे की चादर में लिपटा किरीबुरू-मेघाहातुबुरु, ‘बादलों के शहर’ का दिखा अद्भुत नजारा
प्रशासन ने घटनास्थल पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा

सोमवार सुबह मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) एवं प्रखंड प्रमुख घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस ने बरामद दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। वहीं, लापता ग्रामीण की तलाश के लिए नदी में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि खोजबीन कार्य जारी है और तीसरे व्यक्ति का पता लगाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।



























