Share

Jamshedpur : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के सदस्यों को मिलेगी मेडिकल सुविधा – अध्यक्ष संजीव भारद्वाज

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर के प्रेस क्लब के नियमित सदस्यों और उनके परिवार के लोगों (ब्लड रिलेशन) को जल्द ही मेडिकल सुविधाएं मिलेंगी। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके लिए शहर के 15 प्रसिद्ध डॉक्टरों के साथ एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस पहल के तहत, सदस्यों को मेडिसिन के अलावा सभी विशेषज्ञता के डॉक्टरों की सुविधा मिलेगी। गंगा मेमोरियल अस्पताल में भी निःशुल्क ओपीडी सेवा के साथ-साथ जांच, भर्ती और ऑपरेशन पर विशेष छूट दी जाएगी। अध्यक्ष ने यह भी बताया कि टाटा स्टील द्वारा क्लब के लिए क्वार्टर आवंटन को भी मंजूरी मिल गई है। कंपनी जल्द ही मरम्मत के बाद क्वार्टर को क्लब को सौंप देगी।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भारत को बनाना होगा अपना सर्वर और ब्रांड – सरयू राय

प्रेस फोटोग्राफरों को सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण समारोह के बाद, अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने क्लब सदस्यों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘विश्व फोटोग्राफी दिवस’ के अवसर पर 19 अगस्त को एक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 10 वरिष्ठ प्रेस फोटोग्राफरों को सम्मानित किया जाएगा, और एक फोटोग्राफर को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इसके अलावा, एक फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रेस फोटोग्राफरों की जीवन पर बनी एक फिल्म भी रिलीज और प्रदर्शित की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसिल तुरामडीह में धूमधाम से मना 79वां स्वतंत्रता दिवस, वित्त निदेशक ने किया झंडोत्तोलन

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति

इस समारोह में प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष बी. श्रीनिवास, पूर्व महासचिव गुलाब सिंह, श्याम झा, क्लब के वरिष्ठ सदस्य रघुवंशमणि सिंह, कुलविंदर सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद कुमार, रवि सिंह, देवेंद्र सिंह, अनवर शरीफ, क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा, राकेश सिंह, सह सचिव अमित तिवारी, वेद प्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनमन पांडेय, चंद्रशेखर, डॉ. मिथिलेश चौबे, निर्मल प्रसाद, आकाश कुमार, मनप्रीत सिंह, मनीष सिन्हा, राहुल सिंह तोमर, अनंत सिंह, सुनील पांडेय, अमिताभ वर्मा और कुणाल सहित कई अन्य सदस्य भी मौजूद थे।

Jamshedpur : जमशेदपुर में 7 अगस्त को मनाया जाएगा 13वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

माईकल जॉन ऑडिटोरियम में जुटेंगे देशभर के बुनकर, उद्योग की चुनौतियों पर होगी चर्चा बुनकरों के सम्मान और सशक्तिकरण पर

  • माईकल जॉन ऑडिटोरियम में जुटेंगे देशभर के बुनकर, उद्योग की चुनौतियों पर होगी चर्चा
  • बुनकरों के सम्मान और सशक्तिकरण पर रहेगा विशेष फोकस
  • पलायन रोकने और उद्योग को मजबूत बनाने पर होगी व्यापक चर्चा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : वीवर्स डेवलपमेंट एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (WDRO) की ओर से 7 अगस्त 2026 को माईकल जॉन ऑडिटोरियम में 13वें राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में WDRO के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक विजय कुमार भारती, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह, स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय तथा अमित मिश्रा ने संयुक्त रूप से दी। आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2014 में नई दिल्ली में WDRO ने पहली बार 7 अगस्त को हस्तकरघा दिवस मनाया था। इसके बाद वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में 7 अगस्त को राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के रूप में घोषित किया। तब से संगठन देश के विभिन्न शहरों में लगातार इस दिवस का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष के कार्यक्रम को लेकर बुनकर समुदाय में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुबली पार्क रोड चेन स्नैचिंग मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

राज्यपाल सहित कई विशिष्ट अतिथि होंगे समारोह में शामिल

आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष के समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, भारत सरकार के पूर्व अध्यक्ष (पूर्वी क्षेत्र) मनोज कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के पूर्व सदस्य आनंद साहू तथा स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय शामिल होंगे। कार्यक्रम में झारखंड समेत विभिन्न राज्यों से आए बुनकर प्रतिनिधियों के साथ लगभग 500 स्थानीय प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह के दौरान हस्तकरघा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बुनकरों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Gua : वन क्षेत्र में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

हस्तकरघा उद्योग की चुनौतियों पर तैयार होगा मांग-पत्र

राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस समारोह का मुख्य उद्देश्य हस्तकरघा एवं बुनकर उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर गंभीर मंथन करना है। आयोजकों के अनुसार, इस क्षेत्र से लगातार हो रहे पलायन के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा तथा बुनकरों की आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के दौरान बुनकर समुदाय के सुझावों के आधार पर एक विस्तृत मांग-पत्र तैयार किया जाएगा, जिसे केंद्र और राज्य सरकार को सौंपा जाएगा। आयोजकों ने कहा कि हस्तकरघा उद्योग देश की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर बुनकरों का उत्साहवर्धन करने और हस्तकरघा उद्योग को बढ़ावा देने की अपील की।

Jamshedpur : जुबली पार्क रोड चेन स्नैचिंग मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दबोचे अपराधी लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के मामलों में

  • सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दबोचे अपराधी
  • लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : साकची थाना पुलिस ने जुबली पार्क रोड पर महिला से चेन छिनतई की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 31 जुलाई 2026 की रात जेनको चौक के समीप हुई थी, जहां चंदना दास नामक महिला के गले से अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल गोप उर्फ बल्ले (30 वर्ष) तथा आमिर सरफराज (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से छीनी गई एक सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त हरे रंग की मोटरसाइकिल (JH05CV6640) भी बरामद की है।

इसे भी पढ़ें : Gua : नुईया विद्यालय में ‘10 करोड़ व्यसनमुक्त भारत संकल्प महा-अभियान’ का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल गोप उर्फ बल्ले के खिलाफ सीतारामडेरा, गोलमुरी और एमजीएम थाना क्षेत्रों में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आमिर सरफराज के खिलाफ भी साकची और सोनारी थाना में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को सफल बनाने में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, पु.अ.नि. अमित कुमार चौधरी, पु.अ.नि. हरि हेंब्रम, पु.अ.नि. जितेन्द्र कुमार वर्मा तथा साकची थाना रिजर्व गार्ड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Gua : नुईया विद्यालय में ‘10 करोड़ व्यसनमुक्त भारत संकल्प महा-अभियान’ का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ

नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान समाज के विकास के लिए नशामुक्त वातावरण

  • नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान
  • समाज के विकास के लिए नशामुक्त वातावरण जरूरी : अतिथि
  • अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा के लिए भी जरूरी है व्यसनमुक्ति
  • सामूहिक संकल्प के साथ अभियान का हुआ समापन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान और मिशन स्पंदन के अंतर्गत गुरुवार को गुवा थाना क्षेत्र के नुईया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में ‘10 करोड़ व्यसनमुक्त भारत संकल्प महा-अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बड़बिल शाखा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में ब्रह्माकुमारीज़ के मेडिकल विंग (RERF) के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त कर स्वस्थ, सकारात्मक और योगिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। देशभर के 10 हजार से अधिक केंद्रों पर एक साथ प्रारंभ किए गए इस अभियान को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।

इसे भी पढ़ें : Gua : वन क्षेत्र में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

नशामुक्त भारत निर्माण के लिए जनभागीदारी पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार बड़बिल राकेश कुमार पंडा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के समग्र विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए नशामुक्त वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे समय की जरूरत बताया। वहीं सम्मानित अतिथि जोड़ा बीडीओ दिनेश कुमार बेहरा ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना आज की सबसे बड़ी चुनौती है और ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार, विद्यालय और समाज के संयुक्त प्रयास से ही नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें : Potka : दीवारें बोलती हैं, पेड़ करते हैं संवाद: टांगराईन स्कूल का अनोखा शैक्षणिक नवाचार बना आकर्षण

नशामुक्त समाज अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा की आधारशिला

एसडीपीओ बड़बिल देवेंद्र नाथ पिंगुआ ने कहा कि नशामुक्त समाज का सीधा संबंध अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा से है। उन्होंने लोगों से इस अभियान से जुड़ने और अपने परिवार तथा समाज को नशे की बुराइयों से बचाने की अपील की। पूर्व बड़बिल नगरपालिका अध्यक्ष एवं भारत गौरव दिलीप कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र की नींव है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता और योगिक जीवनशैली के माध्यम से ही स्थायी रूप से नशामुक्ति का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन बड़बिल शाखा की मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारी जयंती बहन ने किया। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्ति केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं दृढ़ संकल्प लेना होगा।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : रेल सिविल डिफेंस ने दिया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, भूकंप और वज्रपात से बचाव के बताए उपाय

डिजिटल संकल्प के साथ व्यसनमुक्त जीवन का संदेश

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव दयाल सिंह, सदस्य कश्मीर सिंह, जोगिंदर सिंह एवं जसविंदर सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सेंट मैरी स्कूल सहित कई विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, गायत्री परिवार के सचिव सुखदेव बेहरा और उनके सहयोगियों के अलावा ब्रह्माकुमारी संस्था के लगभग 200 भाई-बहनों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से व्यसनमुक्ति संकल्प लिया। लोगों को QR कोड और व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से मात्र 30 सेकंड में डिजिटल संकल्प पत्र भरने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Gua : वन क्षेत्र में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

नोवामुंडी के जोजो कैंप क्षेत्र में वन भूमि को नुकसान पहुंचाने का आरोप, जांच की उठी मांग ग्रामीणों ने प्रशासन

  • नोवामुंडी के जोजो कैंप क्षेत्र में वन भूमि को नुकसान पहुंचाने का आरोप, जांच की उठी मांग
  • ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा क्षेत्र के ग्रामीणों ने नोवामुंडी वन क्षेत्र पदाधिकारी को लिखित शिकायत देकर वन क्षेत्र में कथित अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि नोवामुखी बस्ती पंचायत के जोजो कैंप स्थित एम.एन. घोष के पास बंद पड़ी खदान, जो वन क्षेत्र के अंतर्गत आती है, वहां 3 अगस्त की रात को भारी मशीनों के माध्यम से खनन गतिविधियां संचालित की गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस कार्य से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है तथा सरकारी राजस्व की भी हानि हुई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत के माध्यम से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

इसे भी पढ़ें : Potka : दीवारें बोलती हैं, पेड़ करते हैं संवाद: टांगराईन स्कूल का अनोखा शैक्षणिक नवाचार बना आकर्षण

वन भूमि में खनन की शिकायत पर जांच की मांग तेज

ग्रामीणों का प्रतिनिधित्व कर रहे रघुनाथ मुंडा सहित दर्जनों लोगों ने इस मामले की जानकारी डीएफओ, चाईबासा उपायुक्त तथा जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू को भी दी है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कथित अवैध खनन से वन क्षेत्र को भारी क्षति पहुंच रही है और इससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल बन रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कुछ स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच किए जाने की आवश्यकता बताई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले की सत्यता और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Potka : दीवारें बोलती हैं, पेड़ करते हैं संवाद: टांगराईन स्कूल का अनोखा शैक्षणिक नवाचार बना आकर्षण

अंग्रेजी सीखने को रोचक बनाने के लिए विद्यालय परिसर को बनाया गया ‘प्रिंट रिच एनवायरमेंट’ नवाचार से बढ़ रही बच्चों

  • अंग्रेजी सीखने को रोचक बनाने के लिए विद्यालय परिसर को बनाया गया ‘प्रिंट रिच एनवायरमेंट’
  • नवाचार से बढ़ रही बच्चों की पठन क्षमता और आत्मविश्वास

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पोटका : पोटका प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन में बच्चों के बीच अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से एक अभिनव और रचनात्मक पहल की गई है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद तिवारी के नेतृत्व में पूरे परिसर को ‘प्रिंट रिच एनवायरमेंट’ के रूप में विकसित किया गया है। इसके तहत विद्यालय की दीवारों, पत्थरों और पेड़ों को शिक्षण सामग्री से सजाकर सीखने का माध्यम बनाया गया है। दीवारों पर अंग्रेजी शब्द, वाक्य और विभिन्न शैक्षणिक जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं, जबकि थर्मोकोल से तैयार अंग्रेजी शब्दों को पेड़ों पर आकर्षक ढंग से लटकाया गया है। इस अनोखी व्यवस्था से बच्चे खेल-खेल में नए शब्द सीख रहे हैं और उनकी अंग्रेजी के प्रति जिज्ञासा बढ़ रही है। विद्यालय का यह प्रयास विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : रेल सिविल डिफेंस ने दिया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, भूकंप और वज्रपात से बचाव के बताए उपाय

अंग्रेजी सीखने के लिए विद्यालय परिसर को बनाया गया जीवंत कक्षा कक्ष

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह पहल विशेष रूप से उन बच्चों के लिए लाभकारी साबित हो रही है, जिन्हें अंग्रेजी पढ़ने और समझने में कठिनाई होती है या जिनके घरों में अध्ययन का उपयुक्त वातावरण उपलब्ध नहीं है। लीप फॉर वर्ड संस्था द्वारा संचालित शांति निहार पाठशाला के सहयोग से उपलब्ध कराई गई शिक्षण सामग्री को भी विद्यालय परिसर में प्रदर्शित किया गया है। शिक्षकों का मानना है कि इस नवाचार से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित होगी, उनकी शब्दावली समृद्ध होगी और सीखने की प्रक्रिया अधिक रोचक एवं प्रभावी बनेगी। साथ ही विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, पठन क्षमता में सुधार होगा और विद्यालय का वातावरण पूरी तरह शिक्षण-केंद्रित तथा प्रेरणादायक बनेगा।

Chaibasa : रेल सिविल डिफेंस ने दिया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, भूकंप और वज्रपात से बचाव के बताए उपाय

भारतीय रेल के तीन जोन के 340 रेलकर्मियों ने सिनी स्थित प्रशिक्षण संस्थान में लिया हिस्सा मॉक ड्रिल और व्यावहारिक

  • भारतीय रेल के तीन जोन के 340 रेलकर्मियों ने सिनी स्थित प्रशिक्षण संस्थान में लिया हिस्सा
  • मॉक ड्रिल और व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ी रेलकर्मियों की तैयारी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : चाईबासा के सिनी स्थित जोनल प्रशिक्षण संस्थान में रेल सिविल डिफेंस द्वारा आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में भारतीय रेल के तीन प्रमुख जोन—ईस्ट कोस्ट रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों से आए कुल 340 रेलकर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बिलासपुर, संबलपुर, खुर्दा, भुवनेश्वर, नागपुर, रायगढ़, रांची, आद्रा और खड़गपुर के रेल कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा के साथ हुई। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, उप-प्राचार्य, मुख्य अनुदेशक तथा राष्ट्रपति सम्मानित सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार उपस्थित रहे। अतिथि व्याख्याता के रूप में संतोष कुमार ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बेनाशोली-दांदुडीही मार्ग पर हाथियों की दस्तक से बढ़ी चिंता, वन विभाग अलर्ट

तीन रेलवे जोन के कर्मचारियों को मिला आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान संतोष कुमार ने बताया कि प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाएं किसी भी राष्ट्र और समाज के विकास में बड़ी बाधा बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि आपदाओं के कारण जान-माल की भारी क्षति होती है और विकास की गति प्रभावित होती है। विशेष सत्र में भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों को तुरंत खुले स्थान पर चले जाना चाहिए और बिजली के खंभों, बड़ी इमारतों तथा पेड़ों से दूर रहना चाहिए। लिफ्ट का उपयोग नहीं करने तथा वाहन चला रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई। वहीं भवन से बाहर न निकल पाने की स्थिति में कमरे के कोने, मजबूत दीवार के पास या टेबल-कुर्सी के नीचे शरण लेने के उपाय बताए गए।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सन शाइन कॉम्प्लेक्स एवं एट्रीयम सोसाइटी का मेयर सुधा गुप्ता ने किया निरीक्षण

भूकंप के दौरान जीवन रक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की दी जानकारी

प्रशिक्षण में वज्रपात से बचाव, गोल्डन आवर की भूमिका, एंबुलेंस सेवा, ट्रायेज प्रणाली, प्राथमिक उपचार, फर्स्ट एडर के दायित्व, सीपीआर तकनीक, सांप और कुत्ते के काटने की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन और डिजिटल माध्यमों से प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दी गई। सभागार में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशिक्षण दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया गया, ताकि सभी को बेहतर ढंग से प्रशिक्षण मिल सके।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : डिग्री कॉलेज मनोहरपुर में नव-नामांकित छात्रों का हुआ भव्य स्वागत

प्राथमिक उपचार और अग्निशमन तकनीकों का भी मिला प्रशिक्षण

कार्यक्रम के दौरान डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने भूकंप की स्थिति में कार्यालय और कक्षा कक्ष में स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग और ‘PASS Rule’ की जानकारी देकर अग्निशमन तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण में रिफ्रेशर स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर, प्रो स्टेशन मैनेजर और प्रो पैसेंजर ट्रेन मैनेजर सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की उपयोगिता और प्रस्तुति शैली की सराहना करते हुए इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अनुदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

You cannot copy content of this page

Scroll to Top