- पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप समेत पांच लोगों को पकड़ा, घटनास्थल से बरामद हुई पूजा सामग्री
- सीसीटीवी में मिला नया सुराग, सांप ने बढ़ाई जांच की दिशा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में हुए अजय बासा उर्फ झंटू हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी संदीप और उसका साथी भारत साहू है, जिन्होंने कथित तंत्र-मंत्र की सिद्धि पाने के लिए अजय की बलि चढ़ाई। सोमवार की रात अजय को पार्टी के बहाने केबल टाउन स्थित किराए के कमरे में बुलाया गया। वहां शराब पार्टी के बाद उसे बेहोश कर पहले से खरीदे गए बक्से में बंद किया गया और फिर गाढ़ाबासा स्थित संदीप के घर लाया गया। यहां तंत्र-मंत्र की पूजा के दौरान चाकू से गला रेतकर उसकी नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से बक्सा, चाकू, रस्सी और पूजा सामग्री बरामद की है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : माकड़ी में स्व. होरो सबर के श्राद्ध कर्म में सहयोग कर झामुमो युवा नेता सोमेश सोरेन बने संबल
पार्टी के बहाने रची गई साजिश, तंत्र-मंत्र के लिए दी गई बलि
जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। संदीप ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने एक साल पहले अजय के पिता की मौत भी तंत्र-मंत्र के जरिए कराई थी और बाद में उनका होटल हड़प लिया था। आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से अजय को अपने वश में रखे हुए था और उसकी बलि चढ़ाने की योजना काफी पहले से बना रखी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप और भारत साहू के अलावा तीन और संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें संदीप का भाई, मां और बड़ी बहन शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : Musabani : सूरदा क्रॉसिंग चौक पर प्रशासन ने चलाया वाहन जांच अभियान, ₹50 हजार जुर्माना वसूला
पिता की मौत में भी संदीप की संलिप्तता, होटल हड़पने का आरोप
इधर, पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि संदीप के परिवार में पहले भी कई संदिग्ध घटनाएं हो चुकी हैं। उसके पिता की आत्महत्या अब शक के घेरे में है। मंगलवार को इस घटना को लेकर इलाके में बवाल मच गया और लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई। पुलिस को घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं, जिसमें एक सांप दिखाई दे रहा है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले की परतें खोलने का दावा कर रही है।
























