- डीसी के निर्देश पर खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, वाहन मालिक और चालक पर प्राथमिकी दर्ज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जिला प्रशासन ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर 15 अक्टूबर 2025 को जिला खनन विभाग की टीम ने चांडिल थाना पुलिस के सहयोग से टाटा–रांची मुख्य मार्ग पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान हाइवा संख्या JH01BT–8654 को अवैध रूप से बालू ढोते हुए पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि वाहन चालक के पास बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं थे। खनन विभाग ने मौके पर ही वाहन को जप्त कर चांडिल थाना को सुपुर्द कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कदमा से 13 वर्षीय बालक लापता, परिजनों में दहशत
अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस जारी, प्रशासन ने आमजन से मांगी सहयोग
इस मामले में वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने खनन विभाग और सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि संयुक्त टीम बनाकर नियमित औचक जांच अभियान चलाया जाए और किसी भी स्थिति में अवैध खनन को बढ़ावा न दिया जाए। जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हानि को रोकना है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अवैध खनन या बालू परिवहन की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
























