- माटीगोंडा पंचायत भवन में भाजपा नेताओं ने उपचुनाव में परिवर्तन का दिया संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा के माटीगोंडा पंचायत भवन में मंगलवार की संध्या को उपचुनाव को लेकर आयोजित भाजपा की चुनावी सभा में प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी ने राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की सबसे बड़ी समस्या वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। मरांडी ने आरोप लगाया कि बीते छह वर्षों में सरकार ने जनता के हित में कोई ठोस कार्य नहीं किया, जिसके चलते विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब परिवर्तन के मूड में है और भाजपा प्रत्याशी बाबू लाल सोरेन को भारी समर्थन मिल रहा है। मरांडी ने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक नहीं पहुँचा, बल्कि उन लोगों तक गया जिनकी पहचान और हक पर सवाल खड़े होते रहे। सभा में ग्रामीणों की उपस्थिति ने भाजपा के अभियान में नई ऊर्जा भर दी।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गालूडीह की चुनावी सभा में उमड़ा जनसैलाब, भावुक हुईं कल्पना सोरेन, “रामदास दा की मशाल अब और तेज़ जलेगी”

सभा को संबोधित करते हुए गिरिडीह के भाजपा नेता सुरेश साहू ने कहा कि इस उपचुनाव में जनता ने स्पष्ट रूप से परिवर्तन का मन बनाया है। उन्होंने दावा किया कि घाटशिला विधानसभा सीट पर इस बार भाजपा की जीत सुनिश्चित है। सभा में भाजपा नेता रोहित सिंह परमार, पूर्व विधायक मेनका सरदार, मनोज प्रताप सिंह, विक्रम सिंह, गुरुचरण रजवाड़, दिलीप पुरान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने ग्राम स्तर पर जनसंपर्क तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा की। भाजपा नेताओं ने कहा कि विकास, सुरक्षा और जनहित उनके अभियान के मुख्य आधार हैं।
























