- अपहरण की कोशिश नाकाम, बेलडीह बस्ती में सुरक्षित रखी गई किशोरी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव के पास मंगलवार को लावारिस हालत में घूम रही एक 13 वर्षीय किशोरी को स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित बरामद किया। किशोरी को फिलहाल बेलडीह ग्राम बस्ती में सुरक्षित रखा गया है और पूरे मामले की सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। स्थानीय निवासी घनश्याम सोय ने बताया कि दोपहर के समय किशोरी बस्ती के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख दोनों युवक अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। लोगों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई और किशोरी को सुरक्षित बचा लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया PHC में जन आरोग्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर मंथन
स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली अपहरण की बड़ी घटना
किशोरी ने बताया कि वह मुसाबनी थाना क्षेत्र के लेपा गांव की रहने वाली है। उसके पिता का निधन हो चुका है, जबकि मां ने दूसरी शादी कर ली है। उसकी बड़ी बहन बाहर काम करती है। किशोरी के अनुसार, एक महिला उसे मां से मिलवाने के बहाने चाईबासा ले गई थी, जहां उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया। डर के कारण वह वहां से भाग निकली और भटकते हुए मरीन ड्राइव पहुंच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि, किशोरी फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस किशोरी के परिजनों से संपर्क करने और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


























