98.40% अंकों के साथ जिले में प्रथम, विद्यालय में भव्य सम्मान
विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था का दिखा असर, सभी छात्र प्रथम श्रेणी में सफल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के ईचड़ाशोल स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्र ओम कुमार कर ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ओम ने 500 में से 492 अंक प्राप्त कर 98.40 प्रतिशत के साथ पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं झारखंड राज्य में 5वीं रैंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोमवार को विद्यालय परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह में संकुल प्रमुख अशोक कुमार नायक और प्रधानाचार्य वासुदेव प्रधान ने ओम और उनके पिता कमलाकांत कर को स्मृति चिह्न व उपहार देकर सम्मानित किया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : द्रोणाचार्य हापकिडो अकादमी के खिलाड़ियों का जलवा, 15 पदकों पर कब्जा
मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता, छात्रों के लिए बने प्रेरणा स्रोत
अपनी सफलता का राज बताते हुए ओम कुमार कर ने कहा कि नियमित पढ़ाई के साथ-साथ योगासन करने से उनकी एकाग्रता में काफी वृद्धि हुई, जिससे उन्हें यह मुकाम हासिल करने में मदद मिली। विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष संस्थान के सभी 131 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं, जो स्कूल की बेहतर शिक्षा प्रणाली और अनुशासन को दर्शाता है। इस अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने ओम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।























