संगठन सृजन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत होने का आह्वान
नेताओं ने संगठन विस्तार पर दिए सुझाव, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के एनएच-49 स्थित बैद्यनाथ प्लेस में सोमवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित प्रखंड स्तरीय ‘संगठन सृजन’ कार्यक्रम में आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तय की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष विमल बारिक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की “रीढ़” बताते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में बहरागोड़ा सीट पर कांग्रेस मजबूती से अपनी दावेदारी पेश करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने और जल्द से जल्द पंचायत कमेटियों के गठन का निर्देश दिया, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत हो सके।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा के ओम कुमार कर ने रचा इतिहास, झारखंड में 5वीं रैंक हासिल
चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति
अपने संबोधन में डॉ. बालमुचू ने विपक्षी दलों की नीतियों की आलोचना करते हुए राज्य में संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सरकार होने के बावजूद कई कार्यकर्ताओं की समस्याएं अनदेखी हो रही हैं, जिस पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। कार्यक्रम में जिला प्रभारी तापस चटर्जी, तापस महापात्र, सत्यवान बेरा और अर्णव नायक समेत कई नेताओं ने भी संगठन विस्तार को लेकर अपने सुझाव दिए। अंत में राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला।






















