सरस्वती शिशु मंदिरों में आधुनिक तकनीक से विद्यार्थियों को जोड़ने की पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांसद पुत्र सह सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल महतो ने शनिवार को सराहनीय पहल की। उन्होंने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गीता आश्रम बहरागोड़ा एवं सरस्वती शिशु मंदिर रांगुनिया को निजी स्तर पर एक-एक कंप्यूटर भेंट किया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उनका पट्टा पहनाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुणाल महतो ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी तकनीकी शिक्षा में पीछे न रहें। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज के दौर की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है।
इसे भी पढ़ें : Meghahatuburu : मेघाहातुबुरु में ठेका मजदूर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, इलाके में शोक
विद्यालयों में कंप्यूटर बढ़ाने का दिया आश्वासन
कुणाल महतो ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए तकनीकी शिक्षा अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आने वाले समय में विद्यालयों में कंप्यूटर की संख्या और बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उनके इस पहल की शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने खुलकर सराहना की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जगन्नाथ कुईला, विजय भांडारी, समाजसेवी चित्त देहुरी, बाबला बारीक, युवा नेता चंदन सीट एवं अमल बेरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह प्रयास ग्रामीण शिक्षा को सशक्त बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।























