एसआईआर-2026 के एन्यूमरेशन चरण में जिले का शानदार प्रदर्शन
फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन में सबसे आगे, समन्वित प्रयासों से मिली सफलता
पांचों विधानसभा क्षेत्रों में तेजी से चल रहा कार्य, 50 प्रतिशत वितरण लक्ष्य पूरा करने का निर्देश
सभी पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने पर प्रशासन का विशेष जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एन्यूमरेशन चरण में फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन के मामले में जिला वर्तमान में पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है। जिला प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मियों के सामूहिक प्रयासों को दिया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय और सतत निगरानी के कारण अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : सदर अस्पताल चाईबासा में पहली बार आधुनिक गर्भनिरोधक इम्प्लांट की सफल शुरुआत
मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग चला रहा विशेष अभियान
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों का वितरण तेजी से किया जा रहा है। अब तक कुल 2,96,387 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो जिले के कुल लक्षित मतदाताओं का 27.34 प्रतिशत है। यह उपलब्धि पश्चिमी सिंहभूम को राज्य में शीर्ष स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हुई है। वहीं प्राप्त प्रपत्रों में से 6,036 का डिजिटाइजेशन बीएलओ ऐप के माध्यम से सफलतापूर्वक किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को समय पर पूरा करने में सहायता मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : अस्पताल खुद बीमार! कुलडीहा का आयुष्मान आरोग्य मंदिर बदहाल, इलाज के लिए भटक रहे ग्रामीण
डिजिटल तकनीक से निर्वाचन प्रक्रिया को बनाया जा रहा अधिक पारदर्शी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के 39 मतदान केंद्रों पर तकनीकी कारणों से ऑनलाइन फॉर्म वितरण संभव नहीं हो सका। इसके बावजूद संबंधित केंद्रों पर ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म वितरण सुनिश्चित किया गया, जिससे अभियान की गति प्रभावित नहीं हुई। उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को अगले दो दिनों के भीतर गणना प्रपत्रों का वितरण 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का निर्देश दिया है। मनीष कुमार ने विश्वास जताया कि जिला आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगा और एसआईआर-2026 के सभी लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगा। साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।























