अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा वाहन, चालक और खलासी सुरक्षित निकले
खराब सड़क और गड्ढों के कारण बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
डुमरिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया-कोवाली मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बादलगोड़ा और बोमरो गांव के बीच स्थित होरगाडा पुलिया पर लोहे की पाइप से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक में सवार चालक और खलासी को गंभीर चोटें नहीं आईं और दोनों सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर की सोनाली मुखर्जी बनीं मिसेज ग्लोबल इंडिया यूनिवर्सल 2026, राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया झारखंड का गौरव
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य पर उठाए सवाल

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कोवाली-डुमरिया सड़क का निर्माण कार्य कई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क और अधूरे निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


























