- तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौके पर ही तोड़ा दम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के घाटशिला स्थित फुलडुंगरी चौक पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय पूर्व राजस्व कर्मचारी बसंत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार नेक्सन कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक धोराडीह का स्थाई निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल वाहन को टोल प्लाजा के पास रोक लिया गया है तथा चालक से पूछताछ जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बसंत कुमार के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : बेनासोल में वीर शहीद दिलीप बेसरा की 44वीं जयंती पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
शोक की लहर, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
बसंत कुमार घाटशिला प्रखंड कार्यालय से राजस्व कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन की खबर मिलते ही कार्यालय कर्मियों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अनुमंडल अस्पताल में झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक प्रतिनिधि जगदीश भगत, नगर अध्यक्ष विकास मजूमदार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। काला सरकार, जेएमएम सह सचिव रिंकू सिंह भी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से फुलडुंगरी चौक पर ठोस सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

























