- घाटशिला में आयोजित समारोह में शहीद के साहस और बलिदान को किया गया नमन
- देशभक्ति के माहौल में शहीद दिलीप बेसरा को भावभीनी श्रद्धांजलि
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला रेलवे ओवरब्रिज के समीप आयोजित वीर शहीद दिलीप बेसरा की 44वीं जयंती समारोह में क्षेत्र के लोकप्रिय युवा विधायक सोमेश चंद्र सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में वीर शहीद के पूज्य माता-पिता की स्नेहिल उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया। साथ ही घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र, सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विधायक ने शहीद की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, त्याग तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण को नमन किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो के चहुंमुखी विकास का संकल्प : मेयर प्रत्याशी लक्की सिंह ने तेज किया प्रचार अभियान
विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने शहीद के आदर्शों को बताया प्रेरणा स्रोत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। उनका जीवन हमें देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति देता है। उन्होंने आयोजन समिति और उपस्थित सभी गणमान्यजनों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। समारोह के दौरान वातावरण देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत रहा और उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे शहीद दिलीप बेसरा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे तथा राष्ट्र सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहेंगे।


























