- पुतडू टोल प्लाजा परिसर में भावनात्मक माहौल में हुआ कार्यक्रम, सैकड़ों लोग रहे उपस्थित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : पुतडू स्थित टोल प्लाजा परिसर में पूर्व घाटशिला विधायक सह पूर्व स्कूली शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की भव्य प्रतिमा का अनावरण भावनात्मक वातावरण में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उनकी धर्मपत्नी सूरजमोनी सोरेन रहीं, जिन्होंने लगभग 2.5 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. सोरेन के संघर्ष, जनसेवा और क्षेत्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे कार्यक्रम में एक ओर जहां गर्व का माहौल था, वहीं दूसरी ओर उनके असामयिक निधन की पीड़ा भी स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
इसे भी पढ़ें : Potka : पंचायती राज दिवस पर हल्दीपोखर में विशेष ग्राम सभा, बच्चों को शरबत व पुस्तक वितरण
जमीन आंदोलन में निभाई थी निर्णायक भूमिका
स्व. रामदास सोरेन के जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय पुतडू टोल प्लाजा के आसपास की भूमि से जुड़ा रहा है। नेशनल हाईवे निर्माण के दौरान अधिग्रहित करीब 21 एकड़ जमीन लंबे समय तक अनुपयोगी पड़ी रही थी। इस मुद्दे को उन्होंने गंभीरता से उठाया और संबंधित कार्यालयों से लेकर विधानसभा तक लगातार संघर्ष किया। उनके नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के कारण अंततः जमीन मालिकों को उनका अधिकार वापस मिल सका। इस आंदोलन में उल्दा पंचायत की तत्कालीन मुखिया सुमित्रा हेंब्रम, पूर्व जिला परिषद सदस्य तुलसी बाला मुर्मू और पुतडू टोल प्लाजा संघर्ष समिति के सदस्यों की भी अहम भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू-बेसकैंप मार्ग पर बड़ा हादसा टला, घाटी में गिरी कार
संघर्ष की याद में स्थापित की गई प्रतिमा
स्व. सोरेन के योगदान को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से यह प्रतिमा चंदन कुमार के नेतृत्व एवं सौजन्य से जमीन दाता ऋषि महतो की भूमि पर स्थापित की गई है। प्रतिमा अनावरण के दौरान भावुक दृश्य देखने को मिले। अपने संबोधन में सूरजमोनी सोरेन ने कहा कि स्व. रामदास सोरेन ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज भी यह विश्वास करना कठिन है कि वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और कार्य आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने उनके पुत्र सोमेश चन्द्र सोरेन को सेवा का अवसर देकर उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : इंचड़ाशोल में दिनदहाड़े चोरी, 40 मिनट में लाखों के जेवर लेकर फरार
सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में हुआ सफल आयोजन
इस भव्य आयोजन में घाटशिला, गुड़ाबांदा और धालभूमगढ़ क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दुर्गा चरण मुर्मू, शूराय टुडू, अर्जुन हांसदा, विक्टर सोरेन, कालीपद गोराई, रूपेश सोरेन सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे। पुतडू टोल प्लाजा संघर्ष समिति के सदस्य दुखू सोरेन, राम सोरेन, हेम सोरेन, चन्द्रकांत महतो, बिस्वजीत महतो और अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी सराहा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ नेता काजल डॉन ने किया। इस आयोजन ने न केवल स्व. सोरेन के योगदान को सम्मानित किया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष और सेवा की प्रेरणा भी दी।

























