- मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने स्वशासन और ग्रामीण विकास पर दिया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत भवन में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पंचायत के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने बताया कि हर वर्ष 24 अप्रैल को यह दिवस मनाया जाता है, जो वर्ष 1993 में 73वें संवैधानिक संशोधन के माध्यम से पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक दर्जा मिलने की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य ग्रामीण स्वशासन को सशक्त बनाना और “विकसित भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाना है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, पारदर्शिता और पंचायतों को मजबूत बनाने को ग्रामीण विकास की नींव बताया।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू-बेसकैंप मार्ग पर बड़ा हादसा टला, घाटी में गिरी कार
भीषण गर्मी में बच्चों के लिए शरबत व पुस्तक वितरण, शिक्षा पर दिया जोर
भीषण गर्मी को देखते हुए मुखिया की पहल पर हिंदी मध्य विद्यालय में बच्चों के लिए ठंडा मीठा शरबत वितरित किया गया। इसके साथ ही कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों के बीच पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने बच्चों को संबोधित करते हुए अच्छी शिक्षा, 100 प्रतिशत उपस्थिति और शून्य ड्रॉपआउट पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता के महत्व और गर्मी से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से जहां पंचायती राज व्यवस्था की अहमियत को रेखांकित किया गया, वहीं बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति भी सकारात्मक संदेश दिया गया।


























