मानकी सुरेश चाम्पिया की अध्यक्षता में सरना स्थल पर हुई विशेष ग्राम सभा
गांव की सीमा पर साइन बोर्ड लगाने, चोरी रोकने और पुनरीक्षण सर्वेक्षण कराने पर बनी सहमति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र अंतर्गत गुवासाई गांव के सरना स्थल पर सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को मानकी सुरेश चाम्पिया की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और उनके समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। ग्राम सभा में गांव की सीमाओं का निर्धारण, बच्चों द्वारा कबाड़ बेचने के लिए की जा रही चोरी की घटनाओं, डीएवी स्कूल में शिक्षा संबंधी समस्याओं, दिउरी आवास तक जाने वाले संकरे रास्तों और गांव के भूमि एवं जनसंख्या संबंधी रिकॉर्ड के पुनरीक्षण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। ग्रामीणों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक पहल और संबंधित विभागों के साथ समन्वय आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में झामुमो ने स्वर्गीय रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि, आंदोलन के दिनों में उनके त्याग को किया याद
गुवासाई गांव में शिक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्राम सभा में डीएवी स्कूल में शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व) के तहत बच्चों को किताबें उपलब्ध नहीं कराए जाने का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा बीच में पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगने के विषय पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने शिक्षा संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्णय लिया कि इन मामलों को लेकर जिले के उपायुक्त (डीसी) को लिखित आवेदन सौंपा जाएगा। ग्राम सभा में कहा गया कि बच्चों की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए और स्कूल से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान किया जाना आवश्यक है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन के हस्तक्षेप से इन मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में ग्रामीण एसपी ने दुर्गा पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
बच्चों की चोरी रोकने के लिए कबाड़ कारोबार पर कार्रवाई की मांग
बैठक में गांव के बच्चों द्वारा स्क्रैप मेटल यानी कबाड़ बेचने के उद्देश्य से चोरी किए जाने की घटनाओं पर चिंता जताई गई। ग्रामीणों ने इस प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उपायों पर विचार किया। निर्णय लिया गया कि आसपास के अन्य गांवों के लोगों के साथ मिलकर साइकिल से कबाड़ खरीदने वालों और कबाड़ की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके लिए संबंधित पुलिस थाने में संयुक्त आवेदन सौंपने पर सहमति बनी। वहीं, गांव की सीमाओं को स्पष्ट करने के लिए सीमांत क्षेत्रों में साइन बोर्ड लगाने का भी निर्णय लिया गया। बोर्ड स्थापित किए जाने के दिन ग्रामीणों को अपनी जमीन के कागजात, जैसे खतियान या मालगुजारी रसीद, लेकर उपस्थित रहना होगा, ताकि सीमांकन की प्रक्रिया में संबंधित दस्तावेजों का उपयोग किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Ramgarh : अमरप्रीत सिंह काले ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर स्व. रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि
दिउरी आवास के रास्ते होंगे दुरुस्त, गांव में पुनरीक्षण सर्वेक्षण का निर्णय
ग्राम सभा में दिउरी आवास तक जाने वाले संकरे रास्तों की समस्या पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने माना कि रास्ते की कम चौड़ाई के कारण आवागमन में परेशानी होती है। इसके समाधान के लिए रास्ते के किनारे जमीन रखने वाले संबंधित रैयतों से बातचीत कर आपसी सहमति से समस्या सुलझाने का प्रयास करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही गांव के रैयतों, जमीन और जनसंख्या से संबंधित रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जल्द पुनरीक्षण सर्वेक्षण कराने पर भी सहमति बनी। ग्राम सभा में लिए गए इन निर्णयों का उद्देश्य गांव की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना, भूमि संबंधी अभिलेखों को स्पष्ट करना और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
























