- सात लाख की ठगी के मामले में वेस्ट दिल्ली साइबर थाना ने की कार्रवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के इंचड़ा गांव से साइबर अपराध के आरोपी राज भगत को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को वेस्ट दिल्ली साइबर थाना की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापामारी कर उसे हिरासत में लिया। आरोपी पर दिल्ली के एक व्यक्ति से करीब सात लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस संबंध में केस संख्या 118/2026 दिनांक 16 मार्च के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा ने बताया कि दिल्ली पुलिस ट्रांजिट डिमांड लेने के बाद आरोपी को अपने साथ ले गई है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : स्वर्णरेखा तट पर सेना का साहस, दो जिंदा बम निष्क्रिय कर टाला बड़ा हादसा
स्थानीय पुलिस के सहयोग से हुई गिरफ्तारी, टीम में कई अधिकारी शामिल
दिल्ली से आई पुलिस टीम में एचसी विनोद, हरेंद्र और प्रवीण शामिल थे, जिन्होंने जादूगोड़ा पुलिस के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। स्थानीय स्तर पर थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, पु0अ0नि0 अनंत मरांडी, प्रीतम राज, एएसआई देवी दयाल भगत और शस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी राज भगत, स्वर्गीय चितरंजन भगत का पुत्र है और इंचड़ा गांव का निवासी है। पुलिस अब उसे दिल्ली ले जाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
























