- बैंक परिसर से उठते धुएं को देख लोगों ने दी प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर स्थित चांदनी चौक के पास मौजूद एसबीआई की शाखा में बुधवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बैंक परिसर से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और अग्निशमन विभाग को दी। घटना की जानकारी मिलते ही टाटा मोटर्स के फायर ब्रिगेड की टीम और झारखंड अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। बैंक के आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में चुनाव से पहले सुरक्षा कड़ी, केंद्रीय बलों के साथ पुलिस का फ्लैग मार्च
दमकलकर्मियों द्वारा आग बुझाने का काम तेजी से किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो पाई थी, हालांकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी था। एहतियातन आसपास की दुकानों को खाली करा लिया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बना दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन दमकल विभाग की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।


























