- वरीय पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक (नगर) की उपस्थिति में की। इस दौरान शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारियों को कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक में आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों, लंबित कांडों के निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष जोर दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें और वारंट व कुर्की की कार्रवाई तेज करें। इसके साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार
छिनतई, अफवाह और ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश
बैठक के दौरान शहर में बढ़ रही चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई की घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके अलावा बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर भी चर्चा हुई और लोगों के बीच जागरूकता फैलाकर ऐसी अफवाहों पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने और शहर में सक्रिय ड्रग्स पेडलरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। साथ ही आगामी ईद और रामनवमी पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया।

























