- जीएनडी कॉलेज के पीछे सड़क किनारे मिला शव, मछली बेचने वाले अमूल्य मंडल के रूप में हुई पहचान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव बाइक के नीचे दबा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना जीएनडी कॉलेज के पीछे बेतझरिया गुड़ा जाने वाले रास्ते की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे तो उन्होंने एक व्यक्ति को बाइक के नीचे दबा हुआ देखा। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर JH05J4779 बताया जा रहा है। यह खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में मृतक की पहचान कानस गांव निवासी अमूल्य मंडल के रूप में हुई, जो पेशे से मछली बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर घटना हुई है, वहां सड़क पर घुमावदार मोड़ है और बगल में गड्ढा भी है, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सिदगोड़ा टाउन हॉल में सशक्तिकरण शिविर की तैयारी तेज, डीडीसी की अध्यक्षता में बैठक
हाट से घर नहीं लौटने पर परिजन कर रहे थे तलाश, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों के अनुसार अमूल्य मंडल शुक्रवार को शुडगि हाट में मछली बेचने गया था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोग शुक्रवार रात करीब आठ बजे से ही उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंची और पति का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह सड़क दुर्घटना है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।






















