मनीपुर गांव में मंदिर के समीप ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार की चपेट में आने से हुआ हादसा
बारिश के मौसम में बिजली विभाग से सुरक्षा सुदृढ़ करने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड के पूर्वी पंचायत अंतर्गत मनीपुर गांव में गुरुवार शाम को करंट लगने से एक बैल की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीपुर निवासी पशुपालक सुगड़ जोजो का बैल गांव के मंदिर के समीप स्थित बिजली ट्रांसफार्मर के पास घास चर रहा था। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार में अचानक करंट प्रवाहित होने लगा। जैसे ही बैल उस अर्थिंग तार के संपर्क में आया, उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित पशुपालक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : मलेरिया और डायरिया से बचाव के लिए चाईबासा में जागरूकता रथ रवाना, उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी
ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक के लिए की उचित मुआवजे की मांग
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की त्वरित जांच करने और पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अपील की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी ट्रांसफार्मर और अर्थिंग तारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया है।


























