किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पंचायत समिति सदस्य ने उठाई पहल
सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई से किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा पंचायत में किसानों के लिए सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई डीप बोरिंग की व्यवस्था किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा ने इस संबंध में जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा है। उन्होंने बताया कि ग्वालकाटा पंचायत में सिंचाई की समुचित सुविधा नहीं होने के कारण अधिकांश किसान खेती के लिए वर्षा पर निर्भर हैं। क्षेत्र के लगभग 90 प्रतिशत किसान इंद्र देवता के भरोसे खेती करते हैं, जबकि उनकी आजीविका का मुख्य स्रोत कृषि ही है। ऐसे में सिंचाई की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से किसानों को हर वर्ष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें : Potka : चंदनपुर में जाहेर थान घेराबंदी का विवाद सुलझा, मोकरो हेंब्रम की समिति को मिला कार्यादेश
वर्षा पर निर्भर हैं ग्वालकाटा पंचायत के अधिकांश किसान
सीताराम हांसदा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्वालकाटा पंचायत की भूमि उपजाऊ है, लेकिन सिंचाई संसाधनों के अभाव में किसान उसकी पूरी क्षमता का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत में सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई डीप बोरिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है तो किसानों को सालभर सिंचाई का लाभ मिलेगा और क्षेत्र में एक के बजाय दो से तीन फसलें उगाना संभव हो सकेगा। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी। अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं और वे उम्मीद कर रहे हैं कि उपायुक्त इस मांग पर सकारात्मक पहल कर क्षेत्र के किसानों को राहत प्रदान करेंगे।



























