25 लाख रुपये की योजना पर एक माह से चला विवाद बहुमत के आधार पर हुआ समाप्त
ग्राम सभा के निर्णय के बाद विकास कार्य का रास्ता साफ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड क्षेत्र के ग्वालकाटा पंचायत अंतर्गत चंदनपुर गांव में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जाहेर थान घेराबंदी योजना को लेकर पिछले एक महीने से चला आ रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) के परियोजना निदेशक ने बहुमत के आधार पर गठित लाभुक समिति के पक्ष में फैसला लेते हुए समिति के अध्यक्ष मोकरो हेंब्रम को कार्यादेश की प्रति सौंप दी। कार्यादेश मिलने के साथ ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने लाभुक समिति के अध्यक्ष मोकरो हेंब्रम और सचिव जादू हेंब्रम को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब लंबे समय से लंबित जाहेर थान घेराबंदी का कार्य जल्द शुरू होगा और गांव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल का समुचित विकास हो सकेगा।
इसे भी पढ़ें : Muri : शहीद बुली महतो के बलिदान को इतिहास में उचित सम्मान मिले – देवेन्द्र नाथ महतो
बहुमत के आधार पर समिति चयन, गांव में खुशी का माहौल
विवाद के समाधान के लिए पोटका प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नीरज सिंह की मौजूदगी में तीसरी बार ग्राम सभा आयोजित की गई थी। चंदनपुर गांव में ग्राम प्रधान रामेश्वर हेंब्रम की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा के दौरान जाहेर थान निर्माण कार्य का कार्यादेश लाभुक समिति के अध्यक्ष मोकरो हेंब्रम, सचिव जादू हेंब्रम और कोषाध्यक्ष सिंगराई हांसदा को सौंपा गया। बताया गया कि यह ग्राम सभा पूर्व में 8 मई 2025 को भी आयोजित की गई थी, जिसमें ग्रामीणों की राय और बहुमत के आधार पर समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी की गई थी। प्रशासनिक हस्तक्षेप और ग्राम सभा के निर्णय के बाद अब योजना से जुड़ा विवाद समाप्त हो गया है। ग्रामीणों ने निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांव में विकास कार्यों को गति मिलेगी और सामुदायिक एकता भी मजबूत होगी।



























