शादी समारोह में जा रहे दंपती हादसे का हुए शिकार, पति गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
जेबी लाइव, रिपोर्टर
राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुनाबेड़ा स्थित झारखंड होटल के समीप सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय महिला सुनीता महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति परमेश्वर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बांधडीह गांव निवासी दंपती बाइक से शोभापुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार एलपीडी 709 मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनीता महतो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल परमेश्वर महतो को तत्काल कुनाबेड़ा स्थित जीवनदीप अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : हूल महा दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, ‘जल, जंगल, जमीन’ की रक्षा का लिया संकल्प
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। समाचार लिखे जाने तक मृतका का शव घटनास्थल पर ही था और पुलिस ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही थी। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल एलपीडी 709 मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।


























