- बीएड कॉलेज के पास मैदान में हुई घटना, टीएमएच में युवक की हालत नाजुक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बिरसानगर जोन नंबर-1 बी स्थित बीएड कॉलेज के पास सोमवार रात नशे को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ कॉलेज के समीप स्थित मैदान में नशे का सेवन कर रहा था। इसी दौरान धनंजय गोराई उर्फ बन्ना से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि धनंजय ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राहुल की बेरहमी से पिटाई की और चापड़ से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किया। गंभीर रूप से घायल राहुल को उसके साथी पहले टाटा मोटर्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया। फिलहाल टीएमएच में उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Ramgarh : ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन की बहुआयामी पहल
नशेड़ियों का अड्डा बना मैदान, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त मैदान में आए दिन नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे के कारण यहां अक्सर मारपीट, गाली-गलौज और हंगामे की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार स्थानीय थाना में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।























