- जादूगोड़ा के नरवा पहाड़ मुर्गाघुटू चौक पर आधी रात को हुआ हादसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने जादूगोड़ा–टाटा मुख्य मार्ग पर स्थित नरवा पहाड़ मुर्गाघुटू चौक के पास बड़ा हादसा कर दिया। बीती रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार कार सीधे सतीश दास नामक होटल का शटर तोड़ते हुए दुकान के अंदर घुस गई। हादसे के समय जोरदार आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कार का एयर बैग खुल जाने से चालक गोपाल बेसरा (निवासी धोबनी) की जान बच गई, जबकि दुर्गा चरण बेसरा समेत कार में सवार तीन लोगों को हल्की चोटें आई हैं। एक घायल को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की मदद में जुट गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिरसानगर में नशे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला
होटल को डेढ़ लाख का नुकसान, दुकानदार ने दिखाया मंजर
घटना के संबंध में होटल मालिक सतीश दास ने बताया कि कार संख्या जेएच 05 डीएम/5145 तेज गति में आकर उनके होटल के शटर और दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे में होटल में रखे डीप फ्रीजर, अलमारी सहित अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद से दुकानदारों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर रात के समय तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


























