- जमशेदपुर के कई बाजारों में किराया बढ़ाने के फैसले से व्यापारियों में नाराजगी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में दुकानों के किराये में बढ़ोतरी के खिलाफ व्यापारियों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। साकची बाजार समेत शहर के करीब दस बाजारों के दुकानदारों ने किराया बढ़ाने के फैसले के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। साकची बाजार के दुकानदार बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और जमशेदपुर अक्षेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन द्वारा लिया गया यह फैसला पूरी तरह अनुचित है और इससे छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि वे लंबे समय से बाजार में व्यवसाय कर रहे हैं और अचानक किराया बढ़ाने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी।
इसे भी पढ़ें : Gua : करमपदा गांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में शोक
दुकानदारों ने सौंपा ज्ञापन, फैसला वापस नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के बाद दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर किराया बढ़ोतरी के फैसले को वापस लेने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले भी दुकानों का किराया बढ़ाया गया था, जिसके विरोध में आंदोलन किया गया था। उस समय जिला प्रशासन ने दुकानदारों की मांगों को स्वीकार करते हुए राहत दी थी, जिसके बाद सभी व्यापारी शांतिपूर्वक अपना कारोबार कर रहे थे। लेकिन अब एक बार फिर से किराया बढ़ाने का आदेश जारी होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। दुकानदारों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जमशेदपुर अक्षेस ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और शहर के सभी बाजारों के व्यापारी इसमें शामिल होंगे।

























