- 2.60 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद, खरीददार भी पुलिस की गिरफ्त में
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में शादी का रिश्ता तय होने के बाद घर आई एक युवती द्वारा गहने चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने और चांदी के गहने भी बरामद कर लिए हैं। बरामद गहनों की कीमत करीब 2 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को सुनील लोहार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पूजा कुमारी नाम की युवती, जिसकी शादी उनके भतीजे के साथ तय हुई थी, वह कुछ दिन पहले उनके घर आई थी। इसी दौरान उसने मौका देखकर घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए और वहां से चली गई। घटना के बाद परिवार के लोगों ने गहनों की तलाश की, लेकिन जब वे नहीं मिले तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : किराया बढ़ोतरी के विरोध में साकची बाजार के दुकानदारों का प्रदर्शन, अक्षेस के खिलाफ नारेबाजी
साकची के ज्वेलरी कारोबारी से बरामद हुए चोरी के गहने
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी युवती पूजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने गहनों को साकची के एक आभूषण कारोबारी को बेच दिया है। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर साकची के ज्वेलरी कारोबारी अजय कुमार के पास छापेमारी कर चोरी के गहने बरामद कर लिए। बरामद गहनों में करीब 12.5 ग्राम सोने का झुमका, सोने का नाक का बेसर, चांदी की पायल और चांदी की चेन शामिल है। पुलिस के अनुसार बरामद सभी गहनों की कुल कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये है। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवती का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी ऐसे मामलों में संलिप्त रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में पूजा कुमारी और गहनों के खरीददार अजय कुमार को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

























