- 75 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, क्षेत्रभर में शोक का माहौल
- अंतिम संस्कार की तैयारी, परिवार का इंतजार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और समाजसेवी प्रदीप कुमार मिश्रा ‘बुलू’ का रविवार सुबह 75 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शनिवार रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने जांच कराने से इनकार कर दिया और आराम करने चले गए। रविवार सुबह उनकी हालत और खराब हो गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में निजी क्लीनिक ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
इसे भी पढ़ें : Gua : डिपासाई विस्थापितों का विरोध तेज, ग्राम सभा के बिना कार्रवाई नहीं करने की चेतावनी
नेताओं और नागरिकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रदीप मिश्रा ‘बुलू’ के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने उन्हें एक मृदुभाषी, मिलनसार और समर्पित नेता के रूप में याद किया, जो हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते थे। स्वर्गीय मिश्रा मूल रूप से राजलाबांध पंचायत के कुलडीहा गांव के निवासी थे। उनके पुत्र राजीव मिश्रा वर्तमान में अमेरिका की एक प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार उनके पुत्र के स्वदेश लौटने के बाद सोमवार रात बहरागोड़ा में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।























