- मजदूरों के हक की लड़ाई तेज करने का ऐलान, 1 अप्रैल के राष्ट्रव्यापी आंदोलन में भागीदारी
- लेबर कोड के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने की घोषणा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : यूसिल की मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठन यूरेनियम कामगार यूनियन की वार्षिक बैठक यूसिल कॉलोनी स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से भरत लाल किस्कू को दूसरी बार महासचिव चुना गया। इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारियों और मजदूरों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत इफ्टू की झारखंड कमिटी के महासचिव कॉमरेड ब्यास तिवारी द्वारा झंडोत्तोलन के साथ हुई। बैठक में इफ्टू के रामसाई सोरेन, राजाराम सिंह, क्यू ए हाशमी, परिमल भक्त और डॉ. वी. के. पटोले सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : भक्ति के रंग में रंगा बहरागोड़ा, स्वामी निगमानंद के 108वें सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों की समस्याओं पर उठी आवाज
महासचिव बनने के बाद भरत लाल किस्कू ने यूसिल प्रबंधन पर मजदूरों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों से यूनिफॉर्म लंबित है, दवाइयों के भुगतान में देरी हो रही है और कैंटीन व्यवस्था भी सुचारू नहीं है। नाइट अलाउंस के तहत मिलने वाला दूध तक मजदूरों को नहीं मिल रहा है, जबकि सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और मेडिकल सुविधाएं भी अधूरी हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे चार लेबर कोड के विरोध में 1 अप्रैल को होने वाले राष्ट्रव्यापी आंदोलन में यूनियन सक्रिय भागीदारी करेगी। उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
























