- महिलाओं की बड़ी भागीदारी, गांव में गूंजे राधा-कृष्ण के जयकारे
- भाईचारा और एकता का संदेश दे रहा आयोजन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : राधा गोविंद संकीर्तन समिति, मझगांव द्वारा आयोजित 16 पहर हरिनाम संकीर्तन के शुभारंभ के अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा गांव के तालाब से शुरू होकर संकीर्तन स्थल तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : भक्ति के रंग में रंगा बहरागोड़ा, स्वामी निगमानंद के 108वें सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
हरीनाम संकीर्तन से गांव में बना आध्यात्मिक माहौल
इस अवसर पर समाजसेवी पोलटू मंडल ने बताया कि हरिनाम संकीर्तन का आयोजन गांव में सुख-शांति, समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि कलयुग में हरीनाम ही मोक्ष प्राप्ति का सरल मार्ग है। दो दिवसीय इस आयोजन में दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचकर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है। संकीर्तन के दौरान पूरा क्षेत्र राधा-कृष्ण के नाम से गूंजता है, जिससे श्रद्धालुओं को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
























