जेबी लाइव, रिपोर्टर
बाघुडिया पंचायत के भुरूडांगा गांव में न्यू युथ क्लब के तत्वावधान में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें तिलका एफसी हाड़टोपा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जूनियर जारपा बाघुडिया को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला के माननीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन को शामिल होना था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में श्रमिक संघ अध्यक्ष काजल डॉन एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता दुर्गा चरण मुर्मू उपस्थित हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को युवाओं के लिए जरूरी बताया।
विजेता टीम तिलका एफसी हाड़टोपा को 30,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम जूनियर जारपा बाघुडिया को 20,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली दोनों टीमों को भी 10,000-10,000 रुपये देकर पुरस्कृत किया गया।
इस आयोजन में झामुमो के वरिष्ठ नेता होडिंग सोरेन, पंचायत अध्यक्ष रायसेन टुडू, मुखिया सुशांत पात्र, पंचायत प्रतिनिधि सुनील सिंह, कादोन टुडू सहित कई गणमान्य लोग, कार्यकर्ता, महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे। यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल के प्रति बढ़ते उत्साह का प्रतीक बना।























