- 50 कर्मचारियों को पीपीओ और स्मृति चिन्ह देकर दी गई विदाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेल मंडल द्वारा सोमवार को साउथ इंस्टीट्यूट ऑडिटोरियम, खड़गपुर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मंडल के विभिन्न विभागों से कुल 50 कर्मचारी अधिवर्षिता के आधार पर रेल सेवा से सेवानिवृत्त हुए। समारोह में सभी कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के सम्मान में पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ), स्मृति चिन्ह तथा अन्य सेटलमेंट संबंधी दस्तावेज प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करना और उनके सेवानिवृत्ति लाभों का समय पर निपटान सुनिश्चित करना था।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पर्यावरण चेतना केन्द्र से जुड़े परिवार में शोक, अनिल सरदार का निधन
सेवा के बाद सम्मानजनक विदाई
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडे, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) देबजित दास तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक संजय कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं दस्तावेज प्रदान किए। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और मेहनत की सराहना की तथा उनके परिवारजनों को भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को साइबर और डिजिटल धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

























