- गुवा में पुनर्वास को लेकर प्रशासन का स्पष्ट रुख, विस्थापितों को मिली आंशिक राहत
- विस्थापितों की मांगों पर प्रशासन गंभीर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा बाजार के डीपासाई और जाटा हाटिंग क्षेत्र में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) प्रबंधन द्वारा नए प्रोजेक्ट के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। इसी बीच उपायुक्त चंदन कुमार ने विस्थापन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन परिवारों को नए घर की चाबी मिल चुकी है, उन्हें पुराने मकान खाली करना अनिवार्य होगा, जबकि जिन लोगों को अभी तक चाबी नहीं मिली है, उन्हें फिलहाल हटाया नहीं जाएगा। इस निर्णय से कई प्रभावित परिवारों को राहत मिली है और प्रशासन की मंशा भी स्पष्ट हुई है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के किसी को बेघर नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Potka : रंभा कॉलेज और साह ट्रेडर्स के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेगा इंडस्ट्रियल प्रशिक्षण
प्रशासन ने विस्थापन पर दी राहत की गारंटी
जानकारी के अनुसार, सेल प्रबंधन द्वारा केवल 184 नए घर बनाए गए हैं, जबकि लगभग 500 परिवारों के विस्थापन की स्थिति बनी हुई है, जिससे असंतोष उत्पन्न हो गया था। शनिवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था, जिसके बाद प्रशासन ने दो दिनों का समय दिया। सोमवार को विस्थापितों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला, जिसमें जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति और जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल थे। उपायुक्त ने सभी पक्षों को आश्वस्त किया कि पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी।

























