- डालसा के पीएलवी ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के शंकरदा पंचायत अंतर्गत दामूडीह गांव में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसमें डालसा के पीएलवी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर इस दिवस को मनाया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को विश्व स्वास्थ्य दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पीएलवी ने बताया कि हर वर्ष 7 अप्रैल को यह दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इसे भी पढ़ें : Potka : गर्मी से पहले पेयजल संकट पर झामुमो सक्रिय, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
स्वच्छता, व्यायाम और नशामुक्ति पर दिया गया विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना और इसके उद्देश्यों की जानकारी भी साझा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि 1948 में पहली विश्व स्वास्थ्य सभा आयोजित की गई थी और 1950 से 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य, पोषण और संक्रामक रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही साफ-सफाई बनाए रखने, नियमित व्यायाम करने और नशा से दूर रहने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में उप मुखिया शांति मुर्मू, पीएलवी चयन कुमार मंडल, छाकु माझी, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप, ग्राम स्वास्थ्य सहिया पिंकी महतो सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।























