- यूसीआईएल की सुस्ती से मुख्य सड़क किनारे फैली बदबू, लोग परेशान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा क्षेत्र में यूसीआईएल की टेंडर प्रक्रिया में लेट-लतीफी के कारण मुख्य सड़क किनारे गंदगी का अंबार लग गया है, जिससे आम लोगों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर डब्ल्यूटीपी के सामने बने डस्टबिन की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, जहां कचरा भरकर बाहर तक फैल गया है। मोड़ चौक के आसपास स्थित होटल, सब्जी विक्रेता और मुर्गा विक्रेता अपना कचरा इसी डस्टबिन में डालते हैं, लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से हालात बदतर हो गए हैं। सड़क से गुजरने वाले लोग बदबू से बचने के लिए नाक सिकोड़ने या मास्क पहनने को मजबूर हैं।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में एजुकेशन हब की रफ्तार पर ब्रेक, तेतला–बड़ा बंधवा सड़क अधूरी
डस्टबिन बना मुसीबत का कारण, सफाई के इंतजार में जादूगोड़ा
जानकारों के मुताबिक, यूसीआईएल के अधिकारी आसपास के गैर कंपनी क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था सीएसआर फंड के जरिए कराने की योजना बना रहे हैं। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद भी अन्य प्रक्रियाओं में देरी के कारण सफाई कार्य शुरू नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि अगले एक सप्ताह के भीतर जॉब ऑर्डर संवेदक को सौंप दिया जाएगा, जिससे सफाई कार्य में तेजी आएगी और गंदगी से फैलने वाली बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकेगा। फिलहाल लोगों को उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही सक्रिय होकर इस समस्या का समाधान करेगी।























