- घासपदा से तदुआ चौक तक सड़क बनी तालाब, हादसों का खतरा बढ़ा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बरसोल क्षेत्र में विकास के दावों की सच्चाई बारिश के बाद उजागर हो गई है। घासपदा से तदुआ चौक तक जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और कई जगहों पर 3-4 फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के कारण सड़क तालाब जैसी दिखने लगी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : डीएवी चिड़िया में लोकल मैनेजिंग कमिटी की बैठक सम्पन्न, स्कूल को सुविधाओं और समृद्धि की दिशा में बढ़ावा
छात्रों और ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी, संपर्क मार्ग प्रभावित
इस खराब सड़क का असर आसपास के कई गांवों पर भी पड़ रहा है। पारुलिया हाई स्कूल और बहरागोड़ा कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को कीचड़ और पानी भरे गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है। घासपादा, बेलबरिया, पंचबरिया, नेत्रा और कुलिया समेत करीब आठ गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों को समस्या बताई गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। इससे लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।























