- मुखिया राम मुर्मु ने जनप्रतिनिधियों को अधिकार और कर्तव्यों के प्रति किया सचेत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया पंचायत भवन परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस हर्षोल्लास और जागरूकता के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम मुखिया राम मुर्मु ने की, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। इस अवसर पर मुखिया ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत व्यवस्था देश के ग्रामीण विकास की रीढ़ है। उन्होंने बताया कि जब तक जनप्रतिनिधि अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक गांवों का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने उपस्थित लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी और पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : स्कूल की चहारदीवारी तोड़ने पर प्रशासन सख्त, 10 दिन में निर्माण नहीं तो होगी जेल
विकेंद्रीकरण के माध्यम से गांव के विकास पर दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान पंचायत राज व्यवस्था के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत राज का मुख्य उद्देश्य सत्ता का विकेंद्रीकरण कर ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक शासन की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य शुभ्रा महापात्र, ग्राम प्रधान साहेब मुर्मू, सेविका संगीता मंडल, संपा दास, निभा मंडल, सावित्री सिंह, शिव शंकर भोल, रहीन बास्के, अपर्णा जाना, संतोष साहा और गंगा रानी दे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पंचायत के सर्वांगीण विकास और समाज की प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

























