- सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के इंचड़ाशोल गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने सुखेंदु विकास घोष के दो मंजिला घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब घर के पुरुष सदस्य दुकान पर थे और बच्चे स्कूल गए हुए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी रूपाली घोष करीब 40 मिनट के लिए पोस्ट ऑफिस गई थीं। चोरों ने घर के सूनेपन का फायदा उठाते हुए ऊपरी मंजिल में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान को पार कर लिया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया में राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बुजुर्ग को नहीं लगी भनक, पुलिस जांच में जुटी
चोरी के समय घर के निचले हिस्से में बुजुर्ग सास मौजूद थीं, लेकिन चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर सोने का मंगलसूत्र, शंखा, पोला, कान की बाली और नकदी लेकर फरार हो गए। जब रूपाली घोष घर लौटीं तो अलमारी को टूटा और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत बहरागोड़ा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
























