समयबद्ध समाधान और पारदर्शिता पर दिया जोर
आम जनता के लिए समाधान का सशक्त मंच
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनशिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें, आवेदन और मांगपत्र लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने प्रत्येक मामले को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पादन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मालबांधी में सोलर जल मीनार निर्माण शुरू, ग्रामीणों को पेयजल संकट से मिलेगी राहत
जनशिकायतों के समाधान में प्रशासन ने दिखाई सक्रियता
जनशिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों में पेंशन, आवास निर्माण में बाधा, ऋण, सेवानिवृत्ति लाभ, आवास योजना का लाभ, मानगो क्षेत्र में बिजली समस्या, बीपीएल कोटा के तहत निजी विद्यालय में नामांकन, जमीन विवाद, फीस माफी, घरेलू विवाद और जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि यह पहल प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं के त्वरित निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है।























