खेल संस्कृति और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की पहल
खेलों के जरिए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में खेल मंत्रालय भारत सरकार एवं खेलो इंडिया के तहत जिला प्रशासन (खेल शाखा), पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में अस्मिता सिटी लीग 2026 बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 अप्रैल 2026 को धातकीडीह कम्यूनिटी सेंटर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा ने किया। इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों की लगभग 160 बालिकाएं भाग ले रही हैं, जो खेल के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। आयोजन का उद्देश्य न केवल प्रतिभाओं को मंच देना है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करना भी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं
बालिकाओं को खेलों में मिल रहा नया अवसर
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और जीत-हार से ऊपर उठकर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य बॉक्सिंग संघ के सचिव आनंद बिहारी दुबे, पूर्व ओलंपियन बास्केटबॉल खिलाड़ी हरभजन सिंह तथा जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अस्मिता सिटी लीग के तहत आगे वॉलीबॉल, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग और कबड्डी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। यह पहल बालिकाओं को सशक्त बनाने, उनकी भागीदारी बढ़ाने और फिट इंडिया के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।























