जमशेदपुर में जिला प्रशासन ने की तैयारियों की व्यापक समीक्षा
NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को समन्वय के निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सोमवार को जिला सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क और विद्युत विभाग के पदाधिकारी सहित परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि जिले के 6 शिक्षण संस्थानों में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 4231 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थियों को सुबह 11:00 बजे से 01:30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, इसके बाद किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : जेपीएससी पर भड़के डॉ. दिनेश षाड़ंगी, उड़िया प्रश्न पत्र की त्रुटियों को बताया अपमान
परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, प्रवेश समय निर्धारित
परीक्षा के लिए चिन्हित केंद्रों में लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, करनडीह, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर वीमेन्स यूनिवर्सिटी, द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स, राजकीय आदिवासी हाई स्कूल सीतारामडेरा एवं एलबीएसएम कॉलेज गोलमुरी शामिल हैं। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ क्राउड मैनेजमेंट, सुगम यातायात और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती होगी ताकि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। सभी केंद्रों पर कड़ी फ्रिस्किंग और वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा दौरे पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, बेरोजगारी और मजदूरों के मुद्दों पर जताई चिंता
सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान को लेकर प्रशासन सतर्क
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा संचालन में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केवल सरकारी कर्मियों को ही इनविजिलेटर के रूप में नियुक्त किया जाएगा। परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों को सैनिटाइज कर सील किया जाएगा। साथ ही विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, डीटीओ, डीआईओ, डीएसपी ट्रैफिक, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने का सख्त निर्देश दिया।