पर्याप्त वाहनों के अभाव में धीमा अनाज उठाव, रोस्टर में मनमानी का आरोप
समय पर आपूर्ति नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड में डीएसडी की सुस्त अनाज आपूर्ति व्यवस्था से करीब 130 पीडीएस दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। डीलरों का कहना है कि नियमानुसार प्रत्येक माह की 15 तारीख तक चावल और गेहूं सभी पीडीएस दुकानों तक पहुंच जाना चाहिए, लेकिन एफसीआई गोदाम से पर्याप्त मालवाहक वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण अनाज उठाव की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। प्रतिदिन जहां लगभग आठ वाहनों की आवश्यकता है, वहीं केवल तीन से चार वाहन ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके कारण दुकानदारों को बार-बार पोटका गोदाम का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दो दिनों से सड़क पर पड़ी कंटीली टहनी, हादसे का बढ़ा खतरा
वाहनों की कमी से प्रभावित हो रही अनाज आपूर्ति
पीडीएस डीलर संघ के अध्यक्ष अनवर अली ने आरोप लगाया कि डीएसडी द्वारा रोस्टर के अनुसार अनाज वितरण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदारों को प्राथमिकता देकर समय से पहले अनाज उपलब्ध कराया जाता है, जबकि अन्य दुकानदारों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। एक ही पंचायत की कुछ दुकानों में पहले और बाकी दुकानों में बाद में अनाज पहुंचाने से वितरण व्यवस्था असंतुलित हो रही है। इसका सीधा असर लाभुकों पर पड़ रहा है और कार्डधारियों के आक्रोश का सामना डीलरों को करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नदियों में घुल रहा एंटीबायोटिक का जहर, विकास की नीति बदले सरकार – सरयू राय
रोस्टर में अनियमितता का डीलरों ने लगाया आरोप
डीलरों का कहना है कि गोदाम में कार्यरत कर्मियों को भी उन्हें अतिरिक्त दिहाड़ी देनी पड़ती है। वहीं किस्तों में अनाज मिलने के कारण समय पर वितरण करना चुनौतीपूर्ण बन गया है। अनवर अली ने चेतावनी दी कि यदि प्रत्येक माह 15 तारीख तक सभी दुकानों में अनाज पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो पीडीएस दुकानदार संघ आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी डीएसडी ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों की होगी।























