पारुलिया सबर बस्ती में विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर जुटाई जानकारी
सरकारी योजनाओं से जोड़कर मुख्यधारा में लाने की तैयारी
मिशन उत्थान से बदलेगी आदिम जनजातियों की तस्वीर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा विलुप्तप्राय आदिम जनजाति सबर-बिरहोर समुदाय के विकास के लिए ‘मिशन उत्थान’ के तहत विशेष ग्राउंड सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के विद्यार्थियों की टीम ने बहरागोड़ा प्रखंड स्थित पारुलिया सबर बस्ती पहुंचकर घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित सामाजिक और आर्थिक जानकारी एकत्र की। उपायुक्त राजीव रंजन की पहल पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय परिवारों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : चांडिल वन क्षेत्र में करंट से हाथी की मौत, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
आदिम जनजातियों के विकास पर प्रशासन का फोकस
जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए जा रहे समेकित डेटा के आधार पर सबर-बिरहोर परिवारों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य इन परिवारों की आजीविका को मजबूत बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



























