केरल से लौट रहे युवक की ट्रेन से गिरकर हुई दर्दनाक मौत
मजदूरों की सुरक्षा और पलायन की मजबूरी पर उठे सवाल
पलायन करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के छोटा आसानबनी गांव में गुरुवार को उस समय मातम छा गया, जब 28 वर्षीय कार्तिक मुंडा का पार्थिव शरीर उसके पैतृक घर पहुंचा। कार्तिक मजदूरी के लिए केरल गया हुआ था और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ अपनी शादी के सपने भी संजोए हुए था। लेकिन 3 मई को आंध्र प्रदेश के तेनाली स्टेशन के पास ट्रेन से गिरने के कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा। जिस घर में जल्द ही शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती पर जमशेदपुर में भव्य आयोजन करेगा क्षत्रिय युवा संघ
परदेस कमाने गए युवक की मौत से गांव में पसरा मातम
कार्तिक मुंडा की मौत ने एक बार फिर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने वाले मजदूरों की सुरक्षा और उनकी मजबूरियों को सामने ला दिया है। गांव के लोगों ने बताया कि बेहतर भविष्य और परिवार की जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए कार्तिक बाहर काम करने गया था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सरकार से मजदूरों की सुरक्षा और उनके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।


























